71 साल के केआर विजयन और 69 साल की उनकी पत्नी मोहना का सपना है कि इस ग्लोब पर कोई ऐसा देश ना छूटे जो उन्होंने ना देखा हो। जिस उम्र में लोग आम तौर पर आराम करना पसंद करते हैं, ये बुजुर्ग जोड़ा अपनी 26वीं विदेश यात्रा पर निकलने वाला है। 27 साल पहले केरल के कोच्चि में 'श्री बालाजी कॉफी हाउस' के नाम से रेस्टोरेंट शुरू करने वाले इस दंपती का एक ही सपना था- पूरी दुनिया घूमना। जैसे-जैसे उनकी कॉफी शॉप मशहूर होती गई, उनके लिए अपने सपने को पूरा करना आसान होता गया। कॉफी शॉप से होने वाली इनकम के सहारे वो अब तक 25 देशों की यात्रा कर चुके हैं।
विजयन और मोहना ने अपनी सबसे पहली विदेश यात्रा 2007 में की थी। पहला देश का इजरायल। इसके बाद लगभग हर साल वो किसी ना किसी देश की यात्रा पर जाते रहे। इनमें अमेरिका, ब्राजील, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, इज़राइल, जर्मनी सहित कई दूसरे देश शामिल हैं। आखिरी बार साल 2019 में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की यात्रा की थी। खास बात ये रही कि दोनों के जज्बे से प्रभावित होकर महिंद्रा समूह के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने उनकी यात्रा को प्रायोजित किया था।
इसके बाद 2020 में कोरोना और लॉकडाउन की वजह से वे किसी विदेश यात्रा पर नहीं जा पाए। अब 2021 में जैसी ही विदेश के लिए फ्लाइट्स शुरू हुईं, उन्होंने रूस का टिकट कटा लिया। इस महीने के आखिरी सप्ताह में वो अपनी 26वीं विदेश यात्रा पर रूस जा रहे हैं। उनकी इच्छा है कि वहां रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से उनकी मुलाकात हो। इस बार विजयन और मोहना अपने पोता-पोती को भी साथ ले जा रहे हैं।
किसी ने ठीक है कहा कि सपनों को पूरा करने की कोई उम्र नहीं होती। विजयन और मोहना ने इसे सच साबित कर दिखाया है।
from न्यूज़ - वीडियो - Navbharat Times https://ift.tt/3ml0cKy
No comments:
Post a Comment